नवादा : जिले के हिसुआ में चर्चित प्रणय हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ और जातीय टिप्पणी को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है। साइबर थाना पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की जांच के आधार पर भीम आर्मी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अमर ज्योति पासवान और फेसबुक चैनल ‘The Activist’ के संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान ‘The Activist’ के फेसबुक लिंक पर प्रसारित एक वीडियो सामने आया।

जांच में वीडियो में बोल रहे व्यक्ति की पहचान अमर ज्योति पासवान के रूप में की गई। पुलिस प्रतिवेदन के मुताबिक, वीडियो में मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव और नवादा एसपी के संबंध में जातिवाद, आरक्षण तथा पुलिस कार्रवाई को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। वीडियो में आईजी के अभियान ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ को लेकर भी टिप्पणी किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियां बिना ठोस आधार के की गईं और इससे सामाजिक सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। इसी आधार पर वीडियो प्रसारित करने वाले फेसबुक चैनल के संचालक को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।पुलिस ने बताया कि अमर ज्योति पासवान के विरुद्ध इससे पहले साइबर थाना नवादा कांड संख्या 87/26, दिनांक 10 सितंबर 2026 के तहत धारा 196(1), 353(2) BNS एवं 66 IT Act में मामला दर्ज किया जा चुका है।
भईया जी की रिपोर्ट

