नवादा : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के मधुवन गांव से तीन नाबालिग बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गये। इस संबंध में परिजनों ने थाना में आवेदन देकर बच्चों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगायी है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
लकड़ी चुनने की बात कहकर घर से निकले थे तीनों
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि लापता बच्चों में मधुवन गांव के सुलो मांझी का पुत्र साजन कुमार (13), मिथिलेश मांझी का पुत्र विकास कुमार उर्फ गूंजर (लगभग 13) और धर्मेंद्र मांझी का पुत्र भोथा शामिल है। तीनों बच्चे परिजनों से पास के जंगल से लकड़ी चुनकर लाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक जब तीनों बच्चे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परिजनों ने नारदीगंज थाना पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया।
संभावित ठिकानों पर तलाश जारी
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। बच्चों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छानबीन की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन तीनों बच्चों या इनमें से किसी एक के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत नारदीगंज थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचना दें।
भईया जी की रिपोर्ट