नवादा : नगर में जैन धर्म के प्रमुख पर्व दसलक्षण पर्युषण महापर्व का भक्तिभाव के साथ शुभारंभ हुआ। अस्पताल रोड स्थित जैन मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। दस दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में श्रद्धालु भगवान महावीर द्वारा बताये गये दस धर्मों का पालन करते हुए आत्मशुद्धि और संयम का संकल्प लेते हैं। महापर्व भाद्रपद मास की पंचमी से चतुर्दशी तिथि तक मनाया जाता है।
इस दौरान उत्तम क्षमा, त्याग, आर्जव, मार्दव, अकिंचन, तप, शौच, संयम, सत्य और ब्रह्मचर्य धर्म का पालन किया जाता है। महापर्व के पहले दिन सुबह से ही अस्पताल रोड स्थित जैन मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पीले वस्त्रों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद कलश स्थापना और भगवान का अभिषेक किया गया।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय संगीत और श्रद्धालुओं के नृत्य से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आये। महापर्व के प्रथम दिन उत्तम क्षमा धर्म की विशेष पूजा की गयी। श्रद्धालुओं ने क्षमा को आत्मशुद्धि और आपसी सद्भाव का आधार बताते हुए इसके महत्व को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
संध्या बेला में भगवान की भव्य महाआरती की गयी। इसमें जैन समाज की कार्यकारिणी समिति, जैन महिला मिलन, जैन बहू मिलन और जैन युवा संगठन के सदस्यों समेत पूरे जैन समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में समाज के सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।
भईया जी की रिपोर्ट