नवादा : ऑपरेशन सतर्क के तहत नवादा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने वंदे भारत एक्सप्रेस से शराब की खेप लेकर पहुंचे दो नाबालिगों को पकड़ लिया। दोनों के पास से कुल 11.7 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 9,320 रुपये बतायी गयी है।

पिट्ठू बैग लेकर ट्रेन से उतरते दिखे दोनों नाबालिग
आरपीएफ के उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार, सहायक उपनिरीक्षक गिरीश कुमार और प्रधान आरक्षी योगेंद्र दास की टीम ने ट्रेन संख्या 22500 डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस के सी-3 कोच से पिट्ठू बैग लेकर उतर रहे दो लड़कों को देखा। संदेह के आधार पर दोनों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उनकी पहचान सत्यम कुमार (14), पिता गोपाल सिंह, ग्राम करम, थाना नेमदारगंज तथा शिवम राज (16), पिता संजय सिंह, ग्राम दिऔरा, थाना रोह, नवादा के रूप में हुई।
डीडीयू स्टेशन से शराब लेकर आने की बातें कही
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे डीडीयू स्टेशन से शराब लेकर आए थे। इसके बाद आरपीएफ टीम ने दोनों के बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 8 पीएम स्पेशल ब्लेंड ऑफ स्कॉच एंड इंडियन ग्रेन व्हिस्की की छह बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी और उस पर ‘उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए’ अंकित था।
अलग-अलग बैग से मिलीं 46 बोतलें
तलाशी के दौरान सत्यम कुमार के पास से 8 पीएम गोल्ड पॉकेट पैक व्हिस्की की 22 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल 180 एमएल की थी। वहीं, शिवम राज के पास से रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की 18 बोतलें बरामद की गईं। प्रत्येक बोतल 180 एमएल की थी। कुल 46 बोतलों में शराब जब्त की गई।

परिजनों को सूचना देकर रेल थाना को सौंपा
आरपीएफ ने दोनों नाबालिगों को निरुद्ध कर उनके परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद दोनों को रेल थाना नवादा को सौंप दिया। मामले में कांड संख्या 08/26 दर्ज कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत कार्रवाई की गई है।
भईया जी की रिपोर्ट

