नवादा : जिले के मेसकौर प्रखंड अंतर्गत पंचायत बड़ोसर ग्राम बांधी, वार्ड संख्या 10 में पिछले करीब सात दिनों से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण ग्रामीणों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांव में पानी की समस्या गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं रहने के कारण घरों में लगे मोटर और अन्य पानी की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में वर्तमान में 63 केवी का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जो पिछले सात दिनों से खराब है। मौके पर पहुंचे मिस्त्री ने जांच के बाद ट्रांसफार्मर में शॉर्ट की समस्या होने की बात बताई है। इसके बाद से ग्रामीण लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित जेई और एई को फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं किया जा रहा है।
बिजली की समस्या का सबसे ज्यादा असर गांव में पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक पूरे गांव की पानी की जरूरत फिलहाल मात्र दो चापाकलों पर निर्भर है। बिजली नहीं रहने के कारण पानी की उपलब्धता और भी मुश्किल हो गई है। गर्मी और उमस के बीच ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रांसफार्मर की समस्या जल्द दूर नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि खराब 63 केवी ट्रांसफार्मर की तत्काल मरम्मत या उसे बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो सके और पेयजल की समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों का सवाल है कि जब एक सप्ताह से गांव में बिजली नहीं है और इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, तो आखिर बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कब इस समस्या का संज्ञान लेंगे?
भईया जी की रिपोर्ट