नवादा : जिले के बिहार-झारखंड सीमा पर अवस्थित गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय ऊपर बाजार में देर रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया, जबकि एक अन्य दुकान में चोरी का प्रयास किया। दुकानदार सुधीर लाल मोदी ने बताया कि चोर दुकान के पीछे से छत पर चढ़कर अंदर घुसे और काजू-किशमिश के अलावा गल्ले में रखे नकद रुपये ले गये। राजेश कुमार की मिठाई दुकान से गल्ले में रखे करीब दो हजार रुपये और मिठाई चोरी की गयी जबकि आशीष भदानी ने भी दुकान से मिठाई की चोरी के साथ ही एक मोबाइल फोन चोरी होने की बातें बताई जा रही है।
एस्बेटस टूटने से बच गयी अजय की दुकान
अजय कुमार की चप्पल दुकान में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। सुधीर लाल की दुकान के नीचे टूटा हुआ एस्बेटस गिरा मिला है।घटनास्थल पर एक हथौड़ी गिरी मि़ली है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विजय कुमार, एएसआइ बृजकिशोर साह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि दुकानदार की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जायेंगी।
पुलिस ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला. हालांकि, कैमरों में कुछ स्पष्ट दिखायी नहीं दिया। पुलिस आसपास की अन्य दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। 20 सूत्री उपाध्यक्ष राजेश साव के पीएनबी बैंक सीएसपी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रात करीब 1:36 बजे एक नाबालिग दिखायी दे रहा है, लेकिन उसका चेहर साफ नहीं है। वैसे सीसीटीवी कैमरे रात करीब 12 बजे और दो बजे पुलिस गश्ती दल की तस्वीर कैद है।
भईया जी की रिपोर्ट