– जैन समाज में रोष, चोरों की गिरफ्तारी, सामानों की बरामदगी व सुरक्षा की लगाई गुहार
नवादा : जिले के हिसुआ स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर में चोरों ने धावा बोल मंदिर परिसर में रखे कई सामानों की चोरी कर ली। घटना के बाद स्थानीय जैन समाज में रोष व्याप्त है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि हिसुआ स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बारे में खुलासा तब हुआ, जब प्रातःकालीन बेला में स्थानीय समाज के कुछ लोग दैनिक पूजा-अर्चना हेतु मंदिर परिसर में पहुंचे। अवलोकन करने पर पता चला चोरों द्वारा मंदिर परिसर में रखे लोहे की छड़, ग्रील एवं बिजली के तार आदि सामानों की चोरी की गई है।
जानकारी होने पर इसकी तत्काल सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दे दी। घटना के बाद स्थानीय जैन समाज में रोष है। इस संबंध में श्री दिगम्बर जैन मंदिर के मंत्री रंजीत कुमार जैन ने हिसुआ थाना में आवेदन देकर चोरी हुए सामानों की बरामदगी व चोरों को चिन्हित कर उसे सख्त दंड दिलाये जाने के साथ ही मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित किये जाने की दिशा में त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। घटना को लेकर जैन समाज में रोष व्याप्त है।
बिहार प्रांतीय जैन युवा जागृति के अध्यक्ष दीपक जैन के साथ ही जैन समाज से जुड़े लोगों ने बताया कि वर्षों पूर्व भी चोरों ने इस मंदिर से पद्मावती माता की प्रतिमा आदि की चोरी कर ली थी, जिसका आज तक न तो कोई सुराग मिल पाया और न ही पुलिस द्वारा चोरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। उन्होंने चोरों की गिरफ्तारी व चोरी गए सामानों की बरामदगी सहित ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को प्रतिबंधित किए जाने की दिशा में त्वरित प्रभावी कार्रवाई का आग्रह आरक्षी अधीक्षक से की है।
भईया जी की रिपोर्ट