नवादा : जिले के पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय बाजार वारिसलीगंज मोड़ के समीप मुख्य सड़क पर बनी पुलिया पिछले लगभग तीन वर्षों से बदहाल स्थिति में है। पुलिया का साइड वॉल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जबकि सड़क के दूसरी ओर नाले पर स्लैब नहीं होने से यह स्थान लगातार दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि वर्षों से बनी इस समस्या के बावजूद संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन ने अब तक इसकी सुध नहीं ले रही है।
व्यस्त मार्ग होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था बदहाल
वारिसलीगंज मोड़ पकरीबरावां बाजार का सबसे व्यस्त चौराहा माना जाता है। इसी मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, व्यवसायी, सरकारी कर्मचारी तथा छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। नवादा, वारिसलीगंज, काशीचक और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले अधिकांश वाहनों का आवागमन इसी सड़क से होता है बावजूद पुलिया की सुरक्षा ध्वस्त है।
कई वाहन नाले में गिर चुके, बरसात में बढ़ जाता है खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिया का साइड वॉल नहीं रहने के कारण कई बार बाइक, ई-रिक्शा, साइकिल और अन्य वाहन अनियंत्रित होकर नाले में गिर चुके हैं। घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं, दूसरी ओर खुले नाले पर स्लैब नहीं होने से भी कई वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। बरसात के दिनों में नाले में पानी भर जाने से खतरा और अधिक बढ़ जाता है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं रहने के कारण बाहर से आने वाले लोगों के लिए यह स्थान और भी जोखिम भरा हो जाता है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन आज तक न तो पुलिया का साइड वॉल बनाया गया और न ही खुले नाले पर स्लैब लगाया गया। परिणामस्वरूप लोगों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है।
अधिकारियों का भी होता है इसी मार्ग से आवागमन
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से समय-समय पर जिले के वरीय अधिकारी, स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी गुजरते रहे हैं। प्रशासनिक बैठकों, निरीक्षण और सरकारी कार्यक्रमों के दौरान भी यही मुख्य मार्ग उपयोग में लाया जाता है।बावजूद तीन वर्षों से टूटी पुलिया और खुले नाले की समस्या पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
सामाजिक कार्यकर्ताओं और व्यवसायियों ने जताई चिंता
पकरीबरावां बाजार के बुद्धिजीवियों, व्यवसायियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को पहले से ही आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पुलिया के टूटे साइड वॉल का तत्काल पुनर्निर्माण कराने, खुले नाले पर स्लैब लगाने तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।
लोगों ने बड़े हादसे की जताई आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस दिशा में पहल नहीं की गई तो भविष्य में किसी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जनहित को देखते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है, ताकि इस व्यस्त मार्ग पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। बुद्धिजीवियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट