मुजफ्फरपुर के गोबरसही इलाके में गैस अंडरग्राउंड गैस पाइपलाइन फटने से भीषण धमाका हुआ। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग बुरी तरह घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यहां नाला बनाने का काम किया जा रहा था। इसी बीच खुदाई करते हुए गैस पाइप लाइन फट गई जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाका होते ही गोबरसही इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग चीखने—चिल्लाने लगे और जान बचाने के लिए इधर—उधर भागने लगे। धमाके की तीव्रता इतनी भयानक थी कि आसपास की दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे के ढेर में तब्दील हो गए। हादसे में अब तक कुल 5 लोगों के मारे जाने की खबर है और कई के घायल होने के कारण मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हादसे के तुरंत बाद पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और राहत तथा बचाव कार्य शुरू किया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि इसकी आवाज कई किमी दूर तक सुनी गई। आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी दहशत में आ गए और जान बचाने के लिए घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। धमाके से आसपास के दर्जनों घरों के शीशे टूट गए और दीवारों को भी नुकसान पहुंचा है।
गैस रिसाव और आग के डर से अफरातफरी
जानकारी के मुताबिक, गोबरसही इलाके में नाला बनाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान निर्माण कार्य के पास से गुजर रही गैस पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन फटते ही जोरदार धमाका हुआ जिसकी आवाज आसपास के इलाकों तक सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। भूमिगत गैस पाइपलाइन में अचानक विस्फोट होने से पहले तो आसपास के लोगों को शुरुआत में कुछ समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या। घटना के तत्काल बाद पूरे क्षेत्र में आसमान छूता धुएं का गुबार फैल गया और स्थानीय लोगों के बीच चीख-पुकार व भगदड़ मच गई। गैस रिसाव और आग लगने की आशंका के चलते लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस धमाके में कई लोग घायल हुए हैं जिन्हें निकट के अस्पतालों में ले जाया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीमें
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। गैस रिसाव और दोबारा आग लगने की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। प्रशासन की टीमें हालात को नियंत्रित करने और संभावित खतरे को कम करने में जुटी हैं। गोबरसही चौक और आसपास के संपर्क मार्गों पर यातायात रोक दिया गया है और वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। बताया जाता है कि नाला निर्माण के लिये लगाये गये जसीबी से गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई जिससे रिसाव चालू हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय जिला और पुलिस प्रशासन को दिया, लेकिन प्रशासन ने कोई सुधी नहीं ली। परिणामस्वरूप गैस पाइप लाइन फटा और तबाही मच गयी। फिलहाल वहां प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित निकालना और गैस रिसाव से पैदा हुए खतरे को नियंत्रित करना है। धमाके का असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा है। कई घरों के शीशे टूट गए और दीवारों को नुकसान पहुंचा है।