मुंबई की एक लोकल ट्रेन में आज सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा हुआ जिसमें चलती ट्रेन से 12 यात्री रेलवे ट्रैक पर गिर गए। इनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 3 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा ठाणे के नजदीक दीवा और मुंब्रा स्टेशनों के बीच हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 10 से 12 यात्रियों के गिरने की खबर है। हादसे के शिकार लोग लटक कर यात्रा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रेन इतनी भरी हुई थी कि यात्री दरवाजे पर लटक कर सफर कर रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। सभी पीड़ितों की आयु 30-35 साल के बीच है। इस हादसे में घायल हुए कुछ लोगों को कलवा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भीड़ की वजह से हुआ हादसा?
रेल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची हुई है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। इस घटना के बाद मुंबई में ट्रेनों की लोकल सेवा भी प्रभावित हुई है। बताया जाता है कि मुंब्रा स्टेशन पर काफी यात्रियों की भीड़ थी। ट्रेन में जब यात्री चढ़े तो वे एक के बाद एक ट्रैक पर गिरते चले गए।
ट्रेन में बहुत भीड़ थी, जिस वजह से ये यात्री ट्रेन के दरवाजे पर लटककर यात्रा कर रहे थे। इस घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें यात्रियों को ट्रेन से गिरते देखा जा सकता है। इन यात्रियों को ट्रैक से उठाया गया और प्लेटफॉर्म पर लाया गया। ये यात्री गंभीर रूप से घायल थे और इनके कपड़े फट गए थे।
सेंट्रल रेलवे ने क्या कुछ बताया
सेंट्रल रेलवे ने इस हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर CSMT की ओर जा रहे कुछ यात्री ट्रेन से गिर गए। दुर्घटना का कारण ट्रेन में अत्यधिक भीड़ माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। घटना से लोकल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। मृतकों की पहचान की जा रही है। सभी मृतक 30 से 35 साल के बीच के हैं। हादसे के बाद रेलवे बोर्ड ने फैसला किया है कि नए रेक में ऑटोमैटिक डोर क्लोजर लगेंगे। ट्रेनों में सभी दरवाजे खुद से बंद होंगे।