मोतिहारी में जमीन विवाद के एक मामले में एक महिला से रिश्वत मांगने और गंदी बात वाली आपत्तिजनक फोन कॉल करने के आरोप में सुगौली थाने में तैनात एक दारोगा को SP ने निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर दारोगा और महिला के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई की। निलंबित पुलिस पदाधिकारी की पहचान सुगौली थाने के दारोगा शैलेश कुमार के रूप में हुई है। मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है और उन्हें 24 घंटे के भीतर जांच प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया है।
मोतिहारी SP कार्यालय के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित दारोगा के ऑडियो रिकॉर्डिंग के अवलोकन से पुलिस पदाधिकारी द्वारा जमीन विवाद से संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को रफा-दफा करने की एवज में चार हजार रुपये मांगने तथा आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने से संबंधित बातचीत सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुगौली के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार से इसकी शुरुआती जांच कराई गई।
जांच में पता चला कि सात अक्टूबर को एक महिला ने सुगौली थाने में आवेदन देकर जमीन विवाद के दौरान झोपड़ी में आग लगाने और तोड़फोड़ का आरोप लगाया था। इस मामले की जांच अवर निरीक्षक शैलेश कुमार कर रहे थे।
इसी घटना की प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में चार हजार रुपये रिश्वत मांगने से संबंधित दारोगा की महिला से बातचीत हुई थी। वायरल ऑडियो में महिला इस दारोगा से शिकायत करती सुनाई देती है कि वह उसके पक्ष में काम नहीं कर रहे हैं। इस पर दारोगा कथित तौर पर कहता है— ‘तुम एक रात आओ, हम तुम्हारे तरफ से हो जाएंगे’। महिला बातचीत के दौरान पहले ही दो बार में चार हजार रुपये देने की बात भी कहती है। इसके अलावा महिला से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया शैलेश कुमार की संलिप्तता प्रतीत होती है। इसी आधार पर दारोगा शैलेश कुमार को संदिग्ध आचरण के आरोप में SP द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही डीएसपी को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। इस मामले में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने भी जिलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और आरोपी पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।