टीवी के मशहूर रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ से लौटने के बाद आज गुरुवार को बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने सीएम हाउस में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उनकी गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा भी उनके साथ थी। इस मौके पर मनीष कश्यप ने मुख्यमंत्री को गीता पुस्तक भेंट करने के बाद उनका आशीर्वाद लिया। सीएम सम्राट से अपनी खास मुलाकात के बाद मनीष कश्यप ने इसकी तस्वीरें भी आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं। इसमें उन्होंने लिखा कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। रियलिटी शो राइज एंड फॉल से लौटने के बाद आज उनसे आशीर्वाद लेने गया था।
गीता पुस्तक भेंट कर लिया आशीर्वाद
मनीष कश्यप ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि रियलिटी शो में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने के बाद वह बिहार लौटे और सीधे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने गए।
मुलाकात के दौरान मनीष कश्यप और अनुष्का शर्मा ने मुख्यमंत्री को श्रीमद्भगवद्गीता पुस्तक भेंट की। इसके बाद दोनों ने मुख्यमंत्री से आशीर्वाद भी लिया। मनीष कश्यप ने इस मुलाकात को अपने और अनुष्का के लिए बेहद खास और यादगार बताया। मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए मनीष कश्यप ने लिखा कि दोनों ने मुख्यमंत्री को भारतीय संस्कृति, ज्ञान और जीवन दर्शन का प्रतीक श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मनीष कश्यप ने इस मीटिंग के दौरान मुख्यमंत्री से मिले स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद को लेकर कृतज्ञता जाहिर करते हुए लिखा कि यह पल उनके लिए जीवन भर बेहद खास रहेंगे।मनीष कश्यप ने हाल ही में अपनी गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा के बारे में सार्वजनिक रूप से जानकारी दी थी। अनुष्का मूल रूप से औरंगाबाद जिले के दाउदनगर क्षेत्र की रहने वाली हैं। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है और पीयू छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार भी रही थीं। छात्र राजनीति से जुड़ी रहने के कारण भी वह चर्चा में रही हैं।