झारखंड के लोहरदगा के एसपी आवास के ठीक गेट के सामने एक जवान ने एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में कोहराम मच गया। एएसआई धर्मेंद्र सिंह की हत्या करने के बाद भी उक्त जवान वहां अपनी इंसास राइफल से अंधाधुंध फायरिंग करता रहा। हमलावर जवान का नाम अनंत सिंह मुंडा बताया जाता है और कहा जा रहा कि वह कुछ दिनों से तनाव में चल रहा था।
एसपी खुद बुलेट प्रूफ जैकेट पहन गए काबू करने
अंधाधुंध फायरिंग कर रहे जवान को काबू करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। खुद लोहरदगा एसपी बुलेट प्रूफ जैकेट पहनकर उसके एसपी कोठी के ठीक सामने स्थित किराये के कमरे में घुसे। सीआरपीएफ की एक्पर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। काफी जद्दोजहद के बाद उक्त जवान को काबू किया जा सका। मृत एएसआई धर्मेंद्र सिंह बिहार के बाढ़ के रहने वाले थे।
चुनाव ड्यूटी से आने के बाद तनाव में था जवान
कहा गया कि बीती रात चुनाव ड्यूटी से लौटे जवान अनंत मुंडा ने अपनी पत्नी और बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया और वहीं से फायरिंग करने लगा। उसकी पत्नी ने फोन पर इसकी सूचना एसपी कोठी में तैनात जवानों को दी। इसके बाद एएसआई धर्मेंद्र सिंह उसे समझाने और उसकी राइफल लेने अन्य जवानों के साथ गए। वहां अचानक अनंत सिंह मुंडा ने एएसआई को सीने में गोली मार दी जिससे उनकी वहीं मौत हो गई।