राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से नई दिल्ली एम्स में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद ने मुलाकात की है। खबर है कि लालू को आज अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। लालू यादव दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं और अब उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। वहीं कई नेता उनसे लगातार मुलाकात कर रहे हैं। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भी अस्पातल में लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद सिंह की लालू से मुलाकात कई मायनों में खास है।
दरअसल जगदानंद सिंह लंबे समय से पटना के आरजेडी ऑफिस में नहीं जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि जगदानंद सिंह पार्टी से नाराज़ चल रहे हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद जगदानंद सिंह की एक बार फिर से आरजेडी कार्यालय में वापसी हो सकती है। मालूम हो कि बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। लेकिन लालू के एम्स अस्पताल में भर्ती रहने से राजनीतिक गतिविधियों में धार की कमी पुराने नेता महसूस कर रहे हैं। यही कारण है कि कई नेता लगातार लालू से मिलने अस्पताल पहुंच रहे हैं। जगदानंद से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस और कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने भी लालू यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था।
विदित हो कि लालू प्रसाद को इस महीने की शुरुआत में नयी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। 76 वर्षीय नेता को एम्स के हृदय रोग विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. राकेश यादव के नेतृत्व वाले ‘कार्डियो-न्यूरो सेंटर’ की ‘कार्डियो क्रिटिकल केयर यूनिट’ में भर्ती कराया गया था। कुछ समय के लिए पटना के अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद उन्हें दिल्ली एम्स शिफ्ट कर दिया गया था। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं, दिल्ली एम्स से आज डिस्चार्ज हो सकते हैं।