नवादा : प्रणय भारती उर्फ पीयूष की हत्या के बाद हसुआ में उत्पन्न अशांति, आंदोलन और सोशल मीडिया पर चल रही गतिविधियों को लेकर थाने में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रशासन, पुलिस और आम लोगों के बीच शांति एवं समन्वय कायम रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी। डीएम रवि प्रकाश ने कहा कि अपराध को बड़ी अशांति और कानून-व्यवस्था की समस्या बनने नहीं दिया जाएगा। प्रशासन और पुलिस इसके लिए हर संभव उपाय कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने की हर कोशिश को नाकाम किया जाएगा। घटना को लेकर कार्रवाई जारी है और माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर किये जा रहे पोस्ट को हटाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर इंटरनेट बंद करने की अनुशंसा भी की जा सकती है, लेकिन इससे व्यापार, शिक्षा और सरकारी विभागों के कामकाज पर व्यापक असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रणय के पिता ने इन गतिविधियों से खुद को अलग रखा है। ऐसे में सभी लोगों को शांति कायम रखने के लिए पहल करनी चाहिए। कानून अपना काम कर रहा है।
डीएम ने बताया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए 20 सितंबर तक धारा 163 लागू की गयी है। 19 और 20 सितंबर को स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि आगे भी बढ़ायी जा सकती है। एसपी अभिनव धीमान ने लोगों से अपील की कि बाहर से आकर कोई भी व्यक्ति अशांति का माहौल न बनाये। उन्होंने कहा कि भविष्य में उन्माद फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हसुआ आने वाले मार्गों पर बाहर से आने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। बाहरी या स्थानीय व्यक्ति द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गयी, तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के यूआरएल चिन्हित किये गये हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसा कोई कदम नहीं उठायें, जिससे पुलिस और कानून को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़े। उन्होंने कहा कि पुलिस निडर होकर काम कर रही है और कार्रवाई के परिणाम की चिंता किये बिना कानून के अनुसार कदम उठायेगी। उन्होंने लोगों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी व्यक्ति द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश किये जाने पर स्थानीय थाने को सूचना देने की अपील की।

एसपी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन को शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए और क्या कदम उठाने चाहिए, इस पर उपस्थित लोगों से सुझाव और विचार साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह से माहौल बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। बैठक में सीओ परमजीत सिरमौर, बीडीओ देवानंद कुमार सिंह, ईओ अतीश रंजन, संजय कुमार सिन्हा, वार्ड पार्षद शंभु शर्मा, अरविंद सिंह चंद्रवंशी, पूर्व जिला पार्षद वीरेंद्र सिंह, पूर्व मुखिया विनोद सिंह, लक्ष्मीकांत विगन सिंह, अनुज सिंह, उपप्रमुख धर्मवीर उर्फ पुकार सिंह, एकबाल उर्फ नन्हूं मियां सहित हिसुआ नगर और ग्रामीण क्षेत्र के लोग उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट

