पटना/कोलकाता : हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 30 मई को कोलकाता गर्ल्स कॉलेज में भव्य समारोह एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शशिभूषण कुमार को उनकी मातृभाषा एवं मानवाधिकार पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘उदंत मार्तंड सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
यह समारोह सार्क जर्नलिस्ट फोरम इंडिया चैप्टर तथा भारतीय हिन्दी प्राध्यापक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में सार्क देशों के पत्रकार, शिक्षाविद, साहित्यकार और प्राध्यापक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. शंभूनाथ तिवारी थे। विशिष्ट अतिथियों में प्रो. अस्मिता मिश्र एवं प्रो. संजीव दुबे शामिल थे। कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत प्रो. सत्य उपाध्याय ने किया, जबकि मंच संचालन डॉ. अनिरुद्ध सुधांशु ने किया।
गौरतलब है कि डॉ. शशिभूषण कुमार को इसी वर्ष श्रीलंका की संस्था South Asia Collaboration Foundation द्वारा दक्षिण एशिया में पत्रकारिता नेतृत्व के लिए ‘साउथ एशिया हीरो अवॉर्ड-2026’ से भी सम्मानित किया जा चुका है। इससे पूर्व वर्ष 2025 में उन्हें मातृभाषा पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘धर्मादित्य धर्माचार्य अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा पत्रकारिता सम्मान’ प्रदान किया गया था। इसके अतिरिक्त वे थाईलैंड, मॉरीशस सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। डॉ. शशिभूषण कुमार को मिले इस सम्मान से बिहार की पत्रकारिता जगत में हर्ष का माहौल है तथा इसे राज्य के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट