नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी इरविन महाविद्यालय में हिंदी पखवाड़े के समापन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नारा लेखन, कविता लेखन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा सभी में हिंदी के प्रति रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए आकाशवाणी, दिल्ली के सहायक कार्यक्रम निदेशक राम अवतार बैरवा तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज की हिंदी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. संगीता त्यागी निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनाओं एवं प्रस्तुतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया तथा उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। दोनों निर्णायकों ने कहा कि ऐसे आयोजन हिंदी भाषा के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
इन प्रतियोगिताओं में कुल 142 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 90 विद्यार्थी, 12 शिक्षण कर्मचारी तथा 40 गैर-शिक्षण कर्मचारी शामिल थे। सभी प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि, रचनात्मकता एवं भाषाई दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने महाविद्यालय में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।