BPSC की एकीकृत 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर आज बुधवार को बड़ा अपडेट सामने आया। आयोग सूत्रों के मुताबिक 25 अक्टूबर 2026 को पूर्व में प्रस्तावित 72वीं BPSC की PT परीक्षा अब निर्धारित तारीख पर आयोजित नहीं की जाएगी। सूत्रों के अनुसार अपरिहार्य कारणों से 25 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा को अब उस दिन आयोजित नहीं करने का फैसला लिया गया है। पीटी परीक्षा की नई तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन आयोग की ओर से इस संबंध में पता चला है कि अगले सप्ताह तक इस परीक्षा की नई आधिकारिक सूचना जारी किए जाने की संभावना है। दरअसल, पहले पीटी परीक्षा की 25 अक्टूबी वाली तारीख आयोग के संशोधित परीक्षा कैलेंडर में प्रस्तावित की गई थी। लेकिन अब इसे आगे बढ़ाए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
दूसरी बार रोकी गई 72वीं BPSC PT परीक्षा
72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा पहले 26 जुलाई 2026 को प्रस्तावित थी। लेकिन बिहार लोक सेवा आयोग ने जुलाई में इसे अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया था। इसके बाद फिर अगस्त में जारी संशोधित परीक्षा कैलेंडर में 25 अक्टूबर 2026 को नई संभावित तारीख के तौर पर रखा गया था। लेकिन अब इसके भी स्थगित कर दिये जाने की सूचना है। इस तरह इस परीक्षा को अब तक दो बार आगे खिसकाया जा चुका है। इससे अभ्यर्थियों में बेचैनी बढ़ने लगी है।
अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार
ऐसे में नई जानकारी सामने आने के बाद 72वीं BPSC की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए 25 अक्टूबर की परीक्षा को लेकर स्थिति अब बदल गई है। अभ्यर्थियों को अब बिहार लोक सेवा आयोग की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा। आयोग सूत्रों के अनुसार पीटी परीक्षा की नई तारीख, एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़े अन्य निर्देश BPSC की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक अधिसूचना में अगले सप्ताह तक स्पष्ट कर दिए जाएंगे।