गया (Gaya): चार दिनों से लापता 30 वर्षीय सोनू दास उर्फ़ सोहन का शव टिकारी थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव के धान खेत से मिलने के बाद से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को खेत में फेंके जाने की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि सोनू दास जितिया पर्व की शाम से घर से लापता था। वो शाम में मकसूदपुर गांव के कुछ लोग उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद सोनू वापस घर नहीं लौटा। अगले दिन परिजनों ने टिकारी थाना पहुंचकर उसके लापता होने की लिखित सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे गांव से पूरब ईंट भट्ठे के पास धान के खेत में ग्रामीणों ने युवक का शव देखकर पुलिस को इसकी जानकारी पुलिस को दी जिसके पास पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। इसी दौरान मामले की जांच के लिए मकसूदपुर पहुंची पुलिस के साथ स्थानीय ग्रामीणों की हल्की झड़प होने की भी सूचना है।
परिजनों का कहना है कि सोनू को घर से बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई है और शव को धान के खेत में फेंक दिया गया। हालांकि, युवक की मौत के कारणों का सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।