गयाजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने थाईलैंड से 4 बैगों में लाया 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस सिलसिले में पंजाब की रहने वाली दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। ये दोनों महिलाएं चार बैगों में गांजे की खेप छिपाकर ला रही थीं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। बताया जाता है कि गयाजी एयरपोर्ट पर सामानों की एक्स-रे जांच के दौरान इन चारों बैग में संदिग्ध तस्वीर दिखाई दी जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। इसके बाद दोनों महिलाओं को रोककर सामान की तलाशी ली गई तो गांजे की तस्करी का खुलासा हुआ। कस्टम विभाग ने दोनों को गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया है।
फिलहाल जांच एजेंसियां इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। बताया गया कि सुबह के वक्त थाई एयरवेज की फ्लाइट गयाजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची थी। इसी विमान से पंजाब की दोनों महिलाएं भी गयाजी एयरपोर्ट पर उतरीं। इसके बाद वे अपने सामान के साथ एयरपोर्ट से बाहर निकलने की प्रक्रिया में थीं। इसी दौरान कस्टम विभाग की निगरानी में सामान की एक्स-रे जांच की गई। मशीन में उनके बैग के भीतर कुछ संदिग्ध नजर आया। एक्स-रे तस्वीरों के आधार पर सुरक्षाकर्मियों का शक गहराया। इसके बाद सीआईएसएफ के जवानों और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने दोनों महिलाओं को रोक लिया।
संदेह के आधार पर दोनों महिलाओं से शुरुआती पूछताछ की गई और फिर उनके सामान की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चार अलग-अलग बैग में छिपाकर रखा गया करीब 10 किलोग्राम विदेशी गांजा बरामद हुआ। एयरपोर्ट पर इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद सुरक्षा और जांच एजेंसियों में हड़कंप मच गया। गांजे की बरामदगी के बाद कस्टम विभाग की टीम ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। दोनों महिलाएं पंजाब की रहने वाली बताई जाती हैं। फिलहाल कस्टम विभाग मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है। साथ ही महिलाओं से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वे थाईलैंड से गांजे की खेप किसके कहने पर लेकर आई थीं।