पटना : देश की राजनीति में अचानक सुर्खियों में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया से शुरू हुआ यह मामला अब अदालत के गलियारों और राजनीतिक बयानों तक पहुंच चुका है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी के बाद बिहार की राजनीति में इस पर बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है, जिसमें RJD और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है।
कॉकरोच जनता पार्टी’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने चुटकी लेते हुए गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत भी गजब है.. जिन कॉकरोचों से लोग डरते हैं अब उनकी पार्टी बन गई है। इससे यह सिद्ध होता है कि बेरोजगारी तो बढ़ गई है… भारत का स्किल डेवलपमेंट तो घट रहा है। भारत के युवाओं की चिंता तो होनी चाहिए। यह तो सोचना चाहिए। इस पर राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने प्रतक्रिया देते हुए बड़ी बात कह दी।
धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान को लपकते हुए आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। तिवारी ने बाबा के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि देश के नौजवान इस समय बेरोजगारी की भयंकर मार झेल रहे हैं। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश तबाह हो रहा है। गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘झालमुढ़ी’ और ‘मेलोडी’ खाने-खिलाने में व्यस्त हैं।
वहीँ, इसपर विकासशील इंसान पार्टी ( VIP ) प्रमुख मुकेश सहनी ने धीरेंद्र शास्त्री के बयान के बहाने कॉकरोच जनता पार्टी पर रिएक्शन देते हुए कहा कि ये पार्टी नहीं है… आंदोलन है और उस आंदोलन से मेरी आस्था जुड़ी है। विश्वास जुड़ा है। युवाओं के साथ हम खड़े हैं। कॉकरोच जनता पार्टी उभर रही है। युवा देश के भविष्य हैं। आने वाले समय में हमारे युवा मोदी को देश से विदाई दे देंगे।
मालूम हो कि कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स हैंडल को भारत में 21 मई को बैन कर दिया गया था। इसके बाद कॉकरोच इज बैक के नाम से हैंडल बना था। अब कॉकरोच जनता पार्टी को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने शुक्रवार (29 मई) को अभिजीत दीपके की अगुवाई वाली कॉकरोच जनता पार्टी के सोशल मीडिया एक्स अकाउंट को फौरन बहाल करने का निर्देश देने से इनकार कर दिया।