नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर एक बेहद महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को पार्टी का राष्ट्रीय संगठनक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को संगठन की जड़ों को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने नियुक्ति पत्र जारी किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठन के अनुभवी और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर संवाद तथा समन्वय स्थापित करने में यह नियुक्ति मील का पत्थर साबित होगी। नागेंद्र नाथ त्रिपाठी के कंधों पर अब राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न राज्यों के कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संपर्क स्थापित करने की जिम्मेदारी होगी। वे संगठन के भीतर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभवों, सुझावों और उनकी चिंताओं को केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने में एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा लगातार अपने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दे रही है। देश भर में पार्टी के लगातार हो रहे विस्तार और आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की भूमिका को सक्रिय बनाए रखने की रणनीति के तहत यह फैसला लिया गया है। भाजपा लंबे समय से अपने पुराने और मार्गदर्शक कार्यकर्ताओं को संगठन की मुख्यधारा से सक्रिय रूप से जोड़े रखने का प्रयास करती रही है। पार्टी द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश प्रभारियों और सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को भी भेज दी गई है, ताकि संगठन के हर स्तर पर इस फैसले की जानकारी पहुंच सके और समन्वय कार्य तत्काल शुरू किया जा सके।