रोहतास के बिक्रमगंज में बीती रात उस समय अफरातफरी मच गई जब तेंदुनी चौक और आसपास के इलाके में एक पागल सियार ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते सियार ने दर्जनभर से अधिक लोगों को अपना शिकार बना लिया जिससे कई लोग घायल हो गए। इसके बाद तेंदुनी चौक सहित आसपास के इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। करीब दर्जन भर से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर देर रात गुस्साए लोगों ने घेरकर उस पागल सियार को मार डाला। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मृत सियार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सियार के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। वन रेंज पदाधिकारी विनय कुमार ने बताया कि सियार का पोस्टमार्टम कराया जाएगा जिसमें यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि सियार रैबीज से संक्रमित था या किसी अन्य कारण से उसने असामान्य व्यवहार किया।

अचानक टूट पड़ा सियार, मची भगदड़
जानकारी के अनुसार बीती रात करीब आठ बजे तेंदुनी चौक के आसपास लोग अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे। इसी दौरान एक सियार अचानक वहां पहुंचा और लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। सियार के अचानक हमले से लोगों में भगदड़ मच गई। लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, सियार ने कई लोगों को काटकर घायल कर दिया। देखते ही देखते घायलों की संख्या बढ़ने लगी। सियार के हमले में घायल लोगों को इलाज के लिए बिक्रमगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात तक 12 घायल अस्पताल पहुंच चुके थे। अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया और उन्हें रैबीज रोधी इंजेक्शन लगाया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल बेहतर बताई गई है। सूचना के बाद अनुमंडलाधिकारी दिलीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
सियार ने युवक का होंठ बुरी तरह चबाया
सियार के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि सियार ने युवक के होंठ को बुरी तरह काट लिया, जिसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। एसडीएम ने बताया कि लोगों ने गुस्से में आकर सियार को मार दिया है। सियार ने करीब 12 से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया। वन विभाग के अधिकारियों ने मृत सियार को अपने कब्जे में ले लिया है। सियार के पोस्टमार्टम के जरिये यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा कि सियार का लोगों पर हमला सामान्य अवस्था में हुआ या किसी बीमारी अथवा अन्य वजह से वह आक्रामक हो गया था।
