पटना/हाजीपुर : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, पद्मभूषण स्व. रामविलास पासवान की जयंती के अवसर पर हाजीपुर सर्किट हाउस के समीप भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्व. रामविलास पासवान के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान सेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की तथा निःशुल्क परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। इसके साथ ही कार्यक्रम में आए श्रद्धालुओं एवं आम लोगों के बीच लड्डू एवं प्रसाद का वितरण भी किया गया। कार्यकर्ताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री के आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही मंत्री संजय सिंह के नेतृत्व को मजबूत करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के आयोजक मंत्री संजय सिंह ने कहा कि स्व. रामविलास पासवान का पूरा जीवन गरीबों, शोषितों, वंचितों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य शिविर और प्रसाद वितरण के माध्यम से हमने उनके सेवा-भाव को आगे बढ़ाने का एक छोटा-सा प्रयास किया है।” उन्होंने कहा कि स्व. रामविलास पासवान के बताए मार्ग पर चलना तथा गरीबों और वंचितों की सेवा करना हम सभी का दायित्व है। साथ ही केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट