बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने जा रहे उपचुनाव को लेकर महागठबंधन के भीतर उठापटक मच गई है। इस सीट पर अपना—अपना प्रत्याशी उतारने के प्रश्न पर राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस ने अलग-अलग दावा कर दिया है।
राजद और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने इस अहम सीट पर चुनाव लड़ने के अपने-अपने दावे को मजबूत बताते हुए दावेदारी पेश कर दी है। बांकीपुर उपचुनाव की घोषणा होने के बाद राजद ने सबसे पहले अपनी दावेदारी पेश की। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बांकीपुर सीट से उनकी पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी। इसके लिए उन्होंने तर्क दिया कि साल 2025 के विधानसभा चुनाव में भी राजद ने यहां से अपना प्रत्याशी खड़ा किया था।
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि यहां राजद सबसे मजबूत और ताकतवर पार्टी है। इसलिए बांकीपुर में राजद का ही महागठबंधन उम्मीदवार होगा। राजद के इस दावे के तुरंत बाद ही कांग्रेस ने इस पर बड़ा सवाल उठा दिया। कांग्रेस ने भी बांकीपुर सीट पर अपना मजबूत दावा ठोकते हुए का कि यह हमारी पारंपरिक सीट है और यहां से हमारी पार्टी का ही कैंडिडेट चुनाव लड़ेगा। कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा कि बांकीपुर हमेशा से कांग्रेस की पारंपरिक सीट रही है। इस लिहाज से बांकीपुर पर कांग्रेस का दावा ज्यादा मजबूत है। कांग्रेस ने राजद को नसीहत देते हुए कहा कि अगर कोई दल बिना सहयोगी से बात किए अकेले दावा करता है, तो वह गठबंधन का हिस्सा नहीं हो सकता। कांग्रेस ऐसे दलों की बात मानने को मजबूर नहीं है।
मालूम हो कि बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है। प्रशांत किशोर के इस सीट से मैदान में उतरने की घोषणा से इस बार यहां त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। पहले चर्चा थी कि प्रशांत किशोर को बांकीपुर सीट पर महागठबंधन का समर्थन मिल सकता है। लेकिन अब महागठबंधन के अंदर ही इस सीट पर प्रत्याशी उतारने को लेकर रार छिड़ गई है। इससे पहले 2025 के विधानसभा चुनाव में भी बांकीपुर सीट को लेकर राजद और कांग्रेस के बीच भारी तकरार देखने को मिली थी। उस समय भी विधानसभा की लगभग आधा दर्जन सीटों पर राजद और कांग्रेस ने एक-दूसरे के खिलाफ अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिया था। अब इस उपचुनाव में भी वही स्थिति दोबारा बनती दिख रही है। वहीं भाजपा ने कहा कि बांकीपुर में हमारी लड़ाई विपक्ष से है ही नहीं। विपक्ष आपस में ही लड़ रहा है। यहां हर हाल में भाजपा जीत दर्ज करेगी।