अरवल – मेहंदिया थाना क्षेत्र के चंदा गांव में बीते मई माह में सड़क दुर्घटना के बाद हुई हिंसक घटना में पुलिस ने दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान खरसा निवासी सोन कुमार राजखरसा एवं उपाध्याय बिगहा निवासी अंकुल कुमार के रूप में हुई है। गौरतलब है कि मई माह में चंदा गांव के समीप एक सड़क दुर्घटना के बाद असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ते हुए कई बालू लदे वाहनों के साथ-साथ पुलिस वाहन पर भी पथराव किया था। घटना के दौरान पुलिस के कार्य में बाधा पहुंचाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।
इस मामले में मेहंदिया थाना में कांड संख्या 80/2026 दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस लगातार नामजद एवं अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और विधि सम्मत कार्रवाई जारी रहेगी।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट