पटना में बीते एक सप्ताह मेंं आज शुक्रवार को छठे मर्डर कांड की खबर है। दानापुर सुल्तानपुर त्रिमूर्ति नगर में डीएवी स्कूल के पार आज शुक्रवार को एक 17 वर्षीय किशोर की दिनदहाड़े अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाश आराम से मौके से फरार हो गये। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं। मृतक की पहचान दानापुर के त्रिमूर्ति नगर निवासी संतोष कुमार के 17 वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है। जानकारी में बताया गया कि अपराधियों ने श्रवण को घर से बुलाकर गोली मार दी।
बताया जाता है कि श्रवण अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। इसी दौरान एक युवक ने मोड़ के पास उसे बुलाया और पास जाने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इसी बीच एक युवक ने पिस्टल निकलकर श्रवण कुमार की कनपटी और गर्दन के पास गोली मारकर दी। गोली मारने के बाद सभी बदमाश पैदल ही फरार हो गए। गोली लगने के बाद श्रवण खून से लथपथ हो कर सड़क पर गिर गया। उसके दोस्तों ने जख्मी श्रवण को बाइक पर सवार कर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने श्रवण के जीवित होने की उम्मीद लेकर उसकी बॉडी को इलाज के लिए राजा बाजार स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन वहां भी उसे मृत बताया गया।
किशोर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर सिटी एसपी, एएसपी और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। पुलिस ने घटना स्थल से दो खोखा बरामद किया है। सिटी एसपी ने बताया कि जख्मी किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है। अपराधियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही सभी हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।