सिंगापुर से इलाज कराकर दिल्ली लौटे राजद सुप्रीमो लालू यादव ने राबड़ी देवी की सुरक्षा घटाने और बंगला खाली करने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में सब पागल हो गए हैं। जिसको जो करना है करें। हम इसकी परवाह नहीं करते। सिंगापुर से दिल्ली पहुंचने के बाद एक न्यूज चैनल से बातचीत में लालू ने कहा कि वे लोग घृणा फैला रहे हैं, लेकिन इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। लालू बीती रात संगापुर से दिल्ली लौटे है। लालू की बड़ी बेटी और सांसद मीसा भारती के आवास पर वे फिलहाल ठहरे हुए हैं। वहीं मीसा भारती ने बंगला खाली करने से जुड़े सवाल पर कहा कि वे लोग 15 दिनों के नोटिस से पहले बंगला खाली कर देंगे।
बातचीत में लालू परिवार की सुरक्षा घटाने के सवाल पर लालू प्रसाद ने व्यंग्य करते हुए कहा कि बिहार सरकार को राबड़ी देवी और उनके परिवार को दी गई सुरक्षा की खुद अधिक जरूरत है। इसी वजह से परिवार के सभी सदस्य अपनी सुरक्षा वापस कर रहे हैं। इससे पहले लालू प्रसाद ने राबड़ी आवास पर तैनात आरजेडी कार्यकर्ताओं से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत करते हुए कहा था कि डरना नहीं। आप लालू के सिपाही हैं। इसके बाद वीडियो कॉल पर राजद कार्यकर्ताओं द्वारा जय तेजस्वी, तय तेजस्वी के नारे लगाए जाने लगे। विदित हो कि पिछले कुछ दिनों से राबड़ी देवी आवास और उनकी सुरक्षा को लेकर बिहार का सियासी तापमान लगातार बढ़ा हुआ है। राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद और तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में कटौती कर दी है। इससे नाराज राबड़ी देवी ने अपनी सुरक्षा में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस कर दिया है।
वहीं खबर है कि राजद सांसद मीसा भारती ने भी अपनी सुरक्षा वापस करने की घोषणा कर दी है। इधर पटना में राबड़ी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास की सुरक्षा का जिम्मा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने हाथ में ले ली है। आवास खाली करने का नोटिस अब सियासी विवाद का केंद्र बन गया है। जिससे बिहार में राजनीति और गरमा गई है। मीसा भारती ने कहा कि राबड़ी आवास 15 दिन के नोटिस से पहले ही खाली कर दिया जाएगा। उन्होंने सुरक्षा में कटौती को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शायद बिहार सरकार को लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के सुरक्षाकर्मियों की कहीं अधिक आवश्यकता थी, इसलिए उनकी सुरक्षा घटा दी गई। उन्होंने आगे कहा कि लालू परिवार अपनी सुरक्षा सरकार को वापस कर रहा है और वे भी अपनी सुरक्षा लौटा रहे हैं।