बिहार की सम्राट सरकार ने आज शुक्रवार को 10 वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला करते हुए कई अहम विभागों में बड़ा फेरबदल किया। राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। इसमें 1992 बैच के IAS अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव बनाया गया है। दीपक कुमार सिंह फिलहाल सामान्य प्रशासन विभाग में महानिदेशक-सह-मुख्य जांच आयुक्त के पद पर तैनात थे। अधिसूचना के अनुसार अब वे इन जिम्मेदारियों का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। इसके अलावा वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। प्रशासनिक हलकों में इसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है क्योंकि मंत्रिमंडल सचिवालय राज्य सरकार के सबसे अहम विभागों में गिना जाता है।
IAS कुंदन कुमार बने गृहसचिव
वहीं सम्राट सरकार ने कुंदन कुमार को गृह विभाग का सचिव नियुक्त किया है। बिहार में गृह विभाग सीएम सम्राट चौधरी के पास है। गृह विभाग राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण से जुड़ा सबसे संवेदनशील विभाग माना जाता है। ऐसे में इस नियुक्ति को बेहद अहम माना जा रहा है। इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव आईएएस अधिकारी बी राजेन्द्र को अब निगरानी विभाग के एसीएस का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार आईएएस सीमा त्रिपाठी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं राजीव श्रीवास्तव को वित्त विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।