नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में एचआईवी/एड्स से बचाव एवं नियंत्रण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में जिला संचारी रोग पदाधिकारी श्रीमती माला सिन्हा द्वारा एचआईवी संक्रमण के प्रसार की रोकथाम एवं संक्रमित व्यक्तियों के उपचार से संबंधित निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विशेष अभियान के अंतर्गत युवाओं एवं आमजनों के बीच एचआईवी/एड्स से बचाव एवं नियंत्रण के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाना आवश्यक है।
इसके लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एचआईवी/एड्स अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाएगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं एवं प्रसव पूर्व जांच सेवा प्राप्त करने वाली महिलाओं को एचआईवी एवं सिफलिस संक्रमण से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा ऑनलाइन एचआईवी जोखिम आकलन सुविधा के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। जिला, प्रखंड एवं ग्राम स्तर पर विभिन्न सरकारी विभागों एवं प्रशासनिक इकाइयों के सहयोग से एचआईवी जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही निरोध सेवा सहित राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध अन्य सेवाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी तथा राष्ट्रीय टोल फ्री हेल्पलाइन संख्या 1097 के उपयोग के प्रति भी आमजनों को जागरूक किया जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि एचआईवी जांच के दौरान वाहन चालकों में एचआईवी संक्रमण के मामले अधिक पाए गए हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी जांच चौकियों पर विशेष अभियान चलाकर विशेष कर वाहन चालकों की एचआईवी जांच कराने तथा निरोध वितरण करने का निर्देश दिया। उन्होंने घर-घर जाकर अभियान संचालित करने एवं एचआईवी से संक्रमित व्यक्तियों से संबंधित आवश्यक आंकड़ों का संकलन करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक को जीविका दीदियों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, जांच एवं उपचार के संबंध में जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को अपने-अपने अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने तथा एचआईवी से संक्रमित व्यक्तियों से संबंधित आंकड़ों का संकलन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी उच्च विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को एचआईवी/एड्स से बचाव एवं नियंत्रण के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित सभी विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा एचआईवी/एड्स के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाने एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ-साथ संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट
