ओडिशा की सत्ता में 24 साल बाद सबसे बड़ा बदलाव हुआ है। यहां लोकसभा के साथ हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा पहली बार सरकार बनाने जा रही है। बीजेपी यहां बंपर जीत की ओर बढ़ रही है। यहां भाजपा 147 विधानसभा सीटों में से 75 सीटों पर अच्छे मतों के अंतर से आगे है। जबकि 24 वर्षों से ओडिशा में सरकार चला रहे बीजेडी के महानायक नवीन पटनायक मतगणना में बड़े नुकसान के साथ काफी पीछे चल रहे हैं।
24 वर्षों से सत्ता में थे पटनायक, लोस में भी भाजपा आगे
रुझानों में नवीन पटनायक की पार्टी बीजेडी महज 57 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। ओडिशा में हुए लोकसभा चुनावों में भी बीजेपी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। यहां की 21 लोकसभा सीटों में से 19 पर भाजपा आगे चल रही है जबकि नवीन पटनायक की बीजेडी मात्र 1 और कांग्रेस भी 1 सीट पर आगे है। इस तरह साफ है कि नवीन पटनायक का ओडिशा में 24 वर्षों का अजेय किला भाजपा ने ढहा दिया है।