मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में वो अपनी गाड़ी चला रहे ड्राइवर पर लात मारते नजर आ रहे हैं। बताया जाता है कि ये वीडियो तब का है जब वह बेटी की शादी के दौरान जनता के बीच जा रहे थे। इसमें अनंत सिंह SUV की सनरूफ से बाहर निकलकर मेहमानों और समर्थकों का अभिवादन करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान वह पहले अपने ड्राइवर को गमछे से मारते हैं और फिर उसे लात मारते दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह घटना चर्चा में है। इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं और तरह—तरह के कमेंट कर रहे हैं।
सनरूफ से हाथ हिलाते अनंत ड्राइवर पर भड़के
वायरल वीडियो में अनंत सिंह एक SUV की सनरूफ से बाहर खड़े हैं। गाड़ी के चारों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। वह हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन कर रहे हैं। इसी दौरान अचानक वह ड्राइविंग सीट पर बैठे अपने ड्राइवर की तरफ गमछा घुमाते हैं और फिर उसे लात मारते दिखाई देते हैं। इस घटना के बाद वह सनरूफ से बाहर लोगों का अभिवादन करते रहते हैं। यह वीडियो अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी समारोह का बताया जा रहा है। 25 नवंबर को शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ हुई। शादी में बड़ी संख्या में मेहमान और समर्थक शामिल हुए थे। इसी दौरान जश्न के बीच अनंत सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा
वीडियो में ड्राइवर के साथ अनंत सिंह का व्यवहार लोगों का ध्यान खींच रहा है। हालांकि, वीडियो के सामने आने के बाद अनंत सिंह या उनके ड्राइवर की ओर से इस घटना को लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है। हालांकि वीडियो देखने से यह पता नहीं चल पाता है कि उन्होंने किस वजह से ऐसा किया होगा। सोशल मीडिया पर तो कुछ लोग इस वीडियो को एआई जेनरेटेड भी बता रहे हैं। वहीं कुछ यूजर का कहना है कि—’ऐसा लग रहा है कि जब अनंत सिंह भीड़ में गाड़ी लेकर निकले थे तो उन्होंने ड्राइवर को कुछ निर्देश दिए होंगे। इस निर्देश का ड्राइवर ने शायद पालन नहीं किया होगा, जिसके बाद अनंत सिंह ने उसे लात मारी होगी’।