नवादा : नगर क्षेत्र में विकास की तस्वीर कुछ ऐसी नजर आती है, जैसे चार दिन की चांदनी और फिर अंधेरी रात? शहर में कोई निर्माण कार्य होता है, व्यवस्था सुधरती है या शहर को संवारने की पहल की जाती है, तो उसकी चमक कुछ ही दिनों में फीकी पड़ जाती है। रेलवे स्टेशन से लेकर आरओबी और सड़कों के निर्माण तक, कई जगहों पर यही स्थिति देखने को मिल रही है।

इसकी ताजा मिसाल नवादा रेलवे स्टेशन है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन भवन को आकर्षक रूप देने के लिए खूबसूरत लाइटें लगायी गयी हैं। इनसे रात में स्टेशन की सुंदरता देखते ही बनती है। लेकिन विडंबना यह है कि बिजली बिल बचाने के नाम पर इन आकर्षक लाइटों को बंद रखा जाता है। नतीजतन, स्टेशन की खूबसूरती रात के अंधेरे में गुम हो जाती है। दूसरी ओर, अमृत भारत योजना के तहत विकसित कई अन्य रेलवे स्टेशन रात में रोशनी से जगमगाते रहते हैं।
ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब नवादा स्टेशन को सुंदर बनाने पर लाखों रुपये खर्च किये गये, तो उसका पूरा लाभ यात्रियों को क्यों नहीं मिल रहा है? आखिर विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कराना है या सुविधाओं को नियमित रूप से चालू रखना भी है? जरूरत है कि विकास कार्यों के बाद उनकी नियमित देखरेख और संचालन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाये, ताकि सरकारी खर्च से तैयार सुविधाएं केवल दिखावे तक सीमित न रहें और आम लोगों को उनका वास्तविक लाभ मिल सके।
भईया जी की रिपोर्ट

