IRCTC घोटाला केस में लालू, राबड़ी और तेजस्वी यादव को दिल्ली हाईकोर्ट ने आज बड़ा झटका दिया। कोर्ट ने उन्हें कोई भी राहत देने से मना करते हुए इन पर आरोप तय करने के खिलाफ दायर इनकी याचिकाएं खारिज कर दी। लालू, राबड़ी और तेजस्वी ने IRCTC घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा इनके खिलाफ आरोप तय करने के आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। जस्टिस स्वर्णकांत शर्मा की पीठ ने सभी याचिकाओं को खारिज करते हुए ट्रायल कोर्ट के आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखा। यही नहीं, कोर्ट ने इस मामले के अन्य आरोपियों की याचिकाएं भी खारिज कर दीं।

गौरतलब है कि 13 अक्टूबर 2025 को राउज एवेन्यू की स्पेशल कोर्ट ने लालू परिवार समेत कुल 14 आरोपियों के खिलाफ IRCTC केस में आरोप तय किए थे। सभी आरोपियों पर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत भी आरोप तय किए गए थे। IRCTC घोटाला केस में लालू परिवार ने राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। CBI का आरोप है कि रेलवे के रांची और पुरी स्थित होटलों के टेंडर और जमीन के सौदों में गड़बड़ी हुई थी। अब हाईकोर्ट के फैसले के बाद रॉउज एवन्यू कोर्ट में इस मामले की सुनवाई आगे जारी रहेगी।
इससे पहले, दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, सरला गुप्ता, लारा प्रोजेक्ट्स और सुजाता होटल समेत 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए थे। कोर्ट ने पीसी गुप्ता, विजय कोचर और विनय कोचर के खिलाफ भी आरोप तय करने का आदेश दिया। वहीं, मामले में 7 आरोपियों को बरी कर दिया गया। अदालत ने कहा कि पटना में ट्रांसफर की गई जमीन अपराध से अर्जित संपत्ति है। आरोप तय करते हुए कोर्ट ने टिप्पणी की कि लारा प्रोजेक्ट्स को जिस तरह फायदा पहुंचाया गया, उससे लालू यादव की भूमिका पर संदेह पैदा होता है। कोर्ट के मुताबिक, रेलवे अधिकारियों ने लालू यादव के कहने पर रांची और पुरी के होटलों के पट्टे देने की प्रक्रिया में निविदा से जुड़ी गड़बड़ियां की थीं।
