मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में उनके गांव नदमा में घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने आए एक बुजुर्ग की मौत होने के बाद वहां थोड़ी देर के लिए अफरातफरी मच गई। बीते दिन की शाम घोड़ों की रेस में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी भीड़ में एक अज्ञात बुजुर्ग व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला जिसे तुरंत बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे वहां मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की पहचान नहीं हो सकी और आशंका जताई जा रही है कि भारी भीड़ के बीच दबने या दम घुटने से उसकी मौत हुई होगी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची ने बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की है।
बताया जाता है कि बाढ़ अस्पताल में डॉक्टर रोहन कुमार ने बुजुर्ग की जांच की। उन्होंने बताया कि पुलिस जब बुजुर्ग को लेकर अस्पताल पहुंची, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान करने के लिए उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसके जेबों की जांच भी की गई, लेकिन कोई पहचान पत्र, कागजात या मोबाइल फोन नहीं मिला। बुजुर्ग की जेब से केवल 2120 रुपये नकद बरामद हुए हैं। बताया जाता है कि भारी भीड़ की वजह से एक शख्स बेहोश हो गया था और बाद में अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। बुजुर्ग का शव करीब दो घंटे तक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में व्हीलचेयर पर पड़ा रहा। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उनकी मौत किस वजह से हुई, इसका भी फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। आसपास के लोगों से भी उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बुजुर्ग कहां का रहने वाला था और किस वजह से वह घुड़दौड़ देखने के लिए गांव पहुंचा था। दरअसल, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी कल 25 नवंबर को हुई। शादी समारोह के दौरान गांव में घुड़दौड़ का आयोजन किया गया था। इसमें हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से घुड़सवार पहुंचे थे और इस प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी जुटे थे। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि घुड़दौड़ के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए प्रतियोगिता टालनी पड़ी थी।