नवादा : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के केवाल जंगल में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 285 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की है। शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया है। जंगल के रास्ते शराब की खेप ले जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर तस्करों को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिरदला थाना क्षेत्र के केवाल गांव निवासी रंजीत राजवंशी, पिता स्वर्गीय दरोगा राजवंशी, रजौली थाना क्षेत्र के एकम्बा गांव निवासी करण कुमार, पिता अरविंद राजवंशी तथा परनाडाबर थाना क्षेत्र के सिमराटांड़ गांव निवासी अमरदीप कुमार, पिता राजेश राजवंशी के रूप में हुई है। तीनों जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस की यह कार्रवाई थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में की गयी। छापेमारी दल में एसआइ दिनेश पासवान, मुकेश कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने मौके से शराब और तीनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। जंगल के रास्ते शराब की तस्करी किये जाने के मामले में पुलिस अब आगे की जांच में जुटी है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर शराब के स्रोत, आपूर्ति और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटायी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है।
भईया जी की रिपोर्ट