नवादा : जिले के हसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के तबादले के बाद नगर में इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। समाजसेवी सह हसुआ नगर परिषद के उपमुख्य पार्षद टिंकू कुमार चौधरी ने थानाध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि हसुआ थाना क्षेत्र में शराब माफिया, लॉटरी माफिया और जमीन माफियाओं की गतिविधियां जारी हैं।
वहीं, समाजसेवियों को परेशान करने, उल्टे-सीधे मुकदमे में फंसाने और धमकी देने जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों और समाजसेवियों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उपमुख्य पार्षद टिंकू कुमार चौधरी ने मगध प्रमंडल आईजी विकास वैभव द्वारा हसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार का तबादला किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नए थानाध्यक्ष के पदभार संभालने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी तथा शराब, लॉटरी और जमीन माफियाओं के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
उनके आरोपों के साथ ही एसपी द्वारा भ्रष्ट थानाध्यक्षों को संरक्षण देने तथा सच्चाई सामने लाने पर उनके विरुद्ध मनगढ़ंत आरोप में झूठे मुकदमे में फंसा मुंह बंद रखने पर मजबूर करने की पोल खुलने लगी है।
भईया जी की रिपोर्ट