बिहार विधान परिषद में आज सोमवार को आठ नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ लिया। हाल ही में संपन्न स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवार आज सुबह ही सदन की सदस्यता की शपथ लेने विधान परिषद पहुंच गए। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर विधान परिषद सभागार में आयोजित किया गया। कार्यकारी सभापति प्रो. रामवचन राय ने नवनिर्वाचित सदस्यों को पद और सदस्यता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा बिहार सरकार के कई मंत्री और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह परिषद सभागार में आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी मंत्री श्रवण कुमार, लेसी सिंह सहित अन्य प्रमुख नेता मौजूद थे।

आज सबसे पहले नवनिर्वाचित सदस्यों में जदयू के नीरज कुमार ने शपथ ग्रहण किया। इसके बाद दूसरे स्थान पर दरभंगा स्नातक सीट से निर्वाचित अनिल कुमार झा, तीसरे स्थान पर कोसी से निर्वाचित एनके यादव, डॉ संजीव कुमार, सुरेश प्रसाद राय व अन्य ने शपथ ग्रहण किया। आज के शपथ की खास बात यह रही कि जन सुराज ने पहली बार विधान परिषद में अपना उम्मीदवार जीताकर भेजा है। आज शपथ लेने वाले आठ सदस्यों में से भाजपा के 2, राजद के 2, जदयू के 1, जन सुराज पार्टी के 1 और 2 निर्दलीय सदस्य शामिल हैं। इन आठ सीटों के लिए 23 अक्तूबर को मतदान कराया गया था। इसके बाद 27 और 28 अक्टूबर को मतगणना हुई और परिणाम घोषित किए गए। इसके बाद निर्वाचन विभाग ने 17 नवंबर को विजयी उम्मीदवारों के नाम का गजट प्रकाशित कर दिया।
विधान परिषद निर्वाचन के इस ताजा चुनाव के नतीजों ने विधान परिषद की राजनीतिक तस्वीर में कुछ बदलाव भी किए हैं। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज कर पहली बार उच्च सदन में अपना खाता खोला। वहीं पटना शिक्षक सीट पर एनडीए को 30 साल बाद हार का सामना करना पड़ा। यहां से भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव को राजद के डॉ. संजीव कुमार ने हरा दिया। तिरहुत स्नातक पर जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा को निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर ब्रजवासी ने हरा दिया। वहीं सबसे चर्चित सीट पटना स्नातक सीट पर जदयू ने फिर से जीत हासिल की।

