अरवल -जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार अरवल जिले में पल्स पोलियो अभियान नवंबर राउंड 2026 का शुभारंभ सिविल सर्जन, अरवल द्वारा बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
अरवल जिले में पल्स पोलियो अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। इस अभियान के अंतर्गत जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,02,918 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान 22 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
लक्षित बच्चों तक शत-प्रतिशत पहुँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में कुल 255 घर-घर टीकाकरण दल, 40 ट्रांजिट टीमें (6 एक सदस्यीय एवं 34 दो सदस्यीय), 7 मोबाइल टीमें तथा अभियान की सतत निगरानी के लिए 89 सुपरवाइजरों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त पोलियो वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण एवं सुचारु वितरण के लिए 5 डिपो तथा 20 सब-डिपो की व्यवस्था की गई है।
अभियान के तहत जिले के सभी पाँच प्रखंडों—अरवल, सोनभद्र वंशी सूर्यपुर, कलेर, करपी एवं कुर्था में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएँगी। साथ ही बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ट्रांजिट टीमों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की खुराक देने की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह विशेष ध्यान रखा जाएगा कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रह जाए। इसके लिए नियमित रूप से घर-घर भ्रमण, छूटे हुए बच्चों का पुनः भ्रमण तथा टीकाकरण कार्यों की सतत निगरानी की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों एवं सुपरवाइजरों को अभियान के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा अपने घर एवं आसपास के सभी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक अवश्य पिलवाएँ।
पोलियो एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय-समय पर निर्धारित पोलियो खुराक पिलाना है। अतः अभिभावक अपने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें। आइए, हम सभी मिलकर अरवल जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। दो बूंद जिंदगी की – पोलियो से सुरक्षा की! हर बच्चा पाए पोलियो की खुराक, तभी बनेगा सुरक्षित बचपन और स्वस्थ समाज।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट