बिहार के लोगों के लिए बेहद खास कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन ब्रिज का आज शनिवार को पीएम मोदी उद्घाटन करेंगे। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी हो गईं हैं और नीतीश कुमार समेत एनडीए के सारे प्रमुख नेता पीएम की आगवानी के लिए पटना एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। इन्हीं नेताओं में शामिल केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पुल के नाम को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही बयानबाजी पर यह साफ कर दिया कि इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ आखिर किसने रखा। ललन सिंह ने साफ कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुझाव पर खुद पीएम मोदी ने इस पुल का नाम नीतीश सेतु रखा है।
इस बीच गंगा पर बने इस नए ‘नीतीश सेतु’ के आज लोकार्पण पर खुशी जताते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने पर खुशी और गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि नीतीश सेतु नाम रखने के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद देते हैं। निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता ने बिहार की सेवा के लिए जो 20 साल तक काम किया है, नीतीश सेतु नाम उसी प्रतिबद्धता और समर्पण को दर्शाता है। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच विकास को नई गति देगा।
वहीं जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि आज का दिन बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार के नाम पर पुल का उद्घाटन कर उनके साथ अपने आपसी रिश्तों को और मजबूत किया है। पीएम मोदी के बिहार दौरे को राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण और गौरव का दिन बताते हुए उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया। संजय झा ने कहा कि जो लोग आज सेतु के नामकरण को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं, उनका विकास से कोई लेना-देना नहीं है। नीतीश कुमार के प्रयासों से बिहार में बुनियादी ढांचे का काफी विकास हुआ और आज उनके नाम पर बने इस विशाल पुल का उद्घाटन कर प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार के साथ आपसी रिश्तों और सम्मान को और मजबूत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी जब भी मुलाकात करते हैं, वे नीतीश कुमार के कार्यों की काफी तारीफ करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी स्वयं कहते हैं कि नीतीश कुमार देश के आखिरी समाजवादी नेता हैं, जिनकी राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान है।