नवादा : जिले के नगर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के नन्हू नगर मोहल्ले से एक महिला अपने चार बच्चों के साथ पिछले छह दिनों से लापता है। महिला के पति ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति पर पत्नी और बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया है। पति का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति झाड़-फूंक और फातिहा पढ़ने के बहाने उसके घर आता-जाता था। वहीं, घर में रखे लोन के एक लाख रुपये भी गायब हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला नगर थाना क्षेत्र के नन्हू नगर का है। मोहम्मद फिरोज ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उसकी पत्नी गुड़िया खातून अचानक चार बच्चों के साथ घर से लापता हो गई। पति ने मोहल्ले के ही मोहम्मद सद्दाम पर संदेह जताया है। उसके अनुसार, सद्दाम झाड़-फूंक करने और फातिहा पढ़ने का काम करता था। इसी सिलसिले में उसका परिवार के घर आना-जाना था। फिरोज के अनुसार, 14 नवंबर की शाम जब वह काम से घर लौटा तो पत्नी और बच्चे घर पर नहीं थे। पत्नी ने मायके जाने की बात कही थी। इसके बाद उसने मायके में फोन कर जानकारी ली, लेकिन वहां भी पत्नी और बच्चों के पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई।
घर की तलाशी लेने पर पेटी में रखे लोन के एक लाख रुपये भी गायब मिले। महिला और बच्चों का कोई पता नहीं चलने पर पति ने अपने स्तर से रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसने नगर थाना में आवेदन देकर मोहम्मद सद्दाम पर पत्नी और बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया। हालांकि, आरोप की अभी पुलिस जांच में पुष्टि नहीं हुई है। पति के आवेदन के आधार पर नगर थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अब महिला और चारों बच्चों की तलाश में जुटी है।
मामले में झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस मामले में सदर एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिला और बच्चों की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल महिला और चारों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस की जांच और बरामदगी के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
भईया जी की रिपोर्ट