-30 एकड़ क्षेत्र में स्थापित बिहार के सबसे बड़े फ्लोटिंग सोलर प्लांट सहित विद्युत क्षेत्र की अन्य योजनाओं का प्रधानमंत्री करेंगे रिमोट के माध्यम से उद्घाटन
नवादा : जिला पदाधिकारी, रवि प्रकाश ने जिले की रजौली प्रखंड अंतर्गत हरदिया डैम स्थित फुलवरिया जलाशय में स्थापित फ्लोटिंग सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्युत विभाग के स्थानीय पदाधिकारियों एवं पावर जनरेशन कंपनी के अधिकारियों के साथ प्लांट की तैयारियों, संचालन व्यवस्था तथा विद्युत उत्पादन से संबंधित विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने बताया कि फुलवरिया जलाशय में लगभग 30 एकड़ क्षेत्रफल में 10 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। यह बिहार का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर प्लांट है। उन्होंने बताया कि दिनांक 21 नवम्बर 2026 को वैशाली जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री द्वारा रिमोट के माध्यम से इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 2×10 एमवीए क्षमता वाले पाँच विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का भी उद्घाटन किया जाएगा। इनमें रोह-कौआकोल अंतर्गत मौजा फरहेदा, खराठ मोड़-वारिसलीगंज, मझगांव (रजौली-गया रोड), खानपुर एवं बस्तीबीघा स्थित विद्युत शक्ति उपकेंद्र शामिल हैं। इन पाँचों परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत 48.70 करोड़ रुपये है। इन विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के चालू होने से जिले में विद्युत आपूर्ति की क्षमता एवं व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से नवादा जिला नवीकरणीय ऊर्जा (Renewable Energy) एवं विद्युत अवसंरचना के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा। फ्लोटिंग सोलर प्लांट से विद्युत उत्पादन प्रारंभ होने के उपरांत स्वच्छ, हरित एवं सतत ऊर्जा (Sustainable Green Energy) के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को विकसित करने की दिशा में जिले का महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि फ्लोटिंग सोलर प्लांट जैसी आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल परियोजनाएँ भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के निर्माण से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। ये सभी परियोजनाएँ जिले के विकास के साथ-साथ हरित ऊर्जा एवं विद्युत आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होंगी। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, रजौली, गोपनीय शाखा प्रभारी, विद्युत विभाग के स्थानीय पदाधिकारी एवं पावर जनरेशन कंपनी के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट