नवादा : जिले के रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में प्रसव कराने पहुंचने वाली महिलाओं के परिजनों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। एक प्रसूता के परिजन ने अस्पताल कर्मियों पर प्रसव के बाद रजिस्टर में इंट्री करने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगाया है। मामले के सामने आने के बाद सरकारी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
मामला रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत फरकाबुजुर्ग पंचायत की मंगोडीह गंगटिया गांव का है। गांव निवासी संतोष कुमार ने बताया कि वे अपनी बहन ललिता कुमारी को प्रसव कराने के लिए करीब 11 बजे रजौली अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल पहुंचने पर प्रसूता वार्ड में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने रजिस्टर में मरीज का नाम दर्ज किया।
संतोष कुमार का आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद अस्पताल कर्मियों ने उनसे 1500 रुपये की मांग की। जब उन्होंने सरकारी अस्पताल में प्रसव के लिए पैसे नहीं लगने की बात कही, तो कर्मियों ने कथित तौर पर रजिस्टर में बच्चे के जन्म की इंट्री और हस्ताक्षर नहीं करने की बात कही। इससे बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी होने की आशंका जताई गई। परिजन के अनुसार, अंततः उन्होंने करीब 700 रुपये दिए, जिसके बाद रजिस्टर में इंट्री की गई। संतोष कुमार ने बताया कि वे इसकी शिकायत वरीय अधिकारियों से करेंगे।
घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि सरकारी अस्पताल में जहां गरीब और जरूरतमंद लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां प्रसव के नाम पर कथित तौर पर पैसे की मांग क्यों की जा रही है? अस्पताल में समय-समय पर अधिकारियों के निरीक्षण के बावजूद ऐसी शिकायतें सामने आना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। अब देखना यह होगा कि वरीय स्वास्थ्य अधिकारी इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं और मामले की जांच कर संबंधित कर्मियों पर क्या कार्रवाई करते हैं। अनुमंडलीय अस्पताल प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले को जानकारी लेकर उचित कार्रवाई किया जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट