नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की अहले सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। स्वास्तिक होटल के समीप बंगाल से पटना जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन साल के मासूम अयांश शर्मा की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गये। सभी कार में सवार थे और बंगाल के निवासी बताये जा रहे हैं।
मृत बच्चे की पहचान अयांश शर्मा (3), पिता रामप्रवेश पांडेय के रूप में हुई जबकि घायलों में करण शर्मा, फूलवती देवी (55), अनिता कुमारी (37), प्रीति शर्मा (17) और अंजली शर्मा (30) शामिल हैं. हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में प्रीति शर्मा का पैर फ्रैक्चर हो गया है जबकि फूलवती देवी, करण शर्मा, मंटू शर्मा और अनिता कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। एक अन्य घायल का इलाज रजौली में जारी है। घायलों की सूची में मंटू शर्मा का नाम दर्ज नहीं है, जबकि टैंकर चालक के बयान में उनका जिक्र किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। टैंकर से टकराने के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। टैंकर संख्या WB11D0619 के चालक अरुण कुमार ने बताया कि उनका वाहन नेपाल जाने के दौरान गुरुवार को ही खराब हो गया था। इसके बाद से टैंकर एनएच-20 के किनारे खड़ा था। चालक के अनुसार शुक्रवार की सुबह स्विफ्ट डिजायर कार के चालक को नींद आने के कारण वाहन खड़े टैंकर से जा टकरायी।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल रजौली ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. गजेंद्र कुमार ने जांच के बाद तीन वर्षीय अयांश को मृत घोषित कर दिया। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को सदर अस्पताल रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसआई जयप्रकाश चौधरी और एसआई सचिन कुमार अस्पताल पहुंचे। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर इलाज की व्यवस्था करायी है। मामले में अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट