-तमसा आरती, मैराथन, कुश्ती-कबड्डी, कवि सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
नवादा : रामायणकालीन ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की तमसा नदी तट पर दिनांक 20 नवंबर 2026 को भव्य तमसा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। बता दें कि कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा इस महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा प्रदान किया गया है। राजकीय महोत्सव का दर्जा मिलने के बाद पहली बार आयोजित हो रहा यह महोत्सव नवादा की सांस्कृतिक पहचान को एक नया आयाम प्रदान करेगा।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, नवादा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य तमसा नदी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक महत्व को जनमानस तक पहुंचाना तथा नदी संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में जिले के माननीय प्रभारी मंत्री, माननीय कला एवं संस्कृति मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायकगण, विधान पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण संध्या 5 बजे आयोजित होने वाली भव्य तमसा आरती होगी। इसके लिए बनारस से आचार्यों की विशेष टोली आमंत्रित की गई है, जो पारंपरिक गंगा आरती की तर्ज पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तमसा नदी की आरती करेगी। महोत्सव के तहत दिनांक 20 नवंबर को प्रातः 7 बजे इंटर विद्यालय, हसुआ से तमसा नदी घाट तक मैराथन का आयोजन किया जाएगा। पूर्वाह्न 11 बजे से कुश्ती एवं कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
दोपहर 1 बजे से मुख्य मंच पर अंतरविद्यालयी सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के उपरांत विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, अपराह्न 3 बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। संध्या 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही मधेपुरा की सुप्रसिद्ध गायिका उर्वशी ठाकुर अपनी गायन प्रस्तुति से कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगी।
भईया जी की रिपोर्ट