नवादा : जिले के पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी घातक बीमारी से बचाने के लिए जिले में गुरुवार से एफएमडी टीकाकरण का विशेष अभियान शुरू किया गया। विभागीय जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 5,08,500 पशुओं के टीकाकरण के लिए डोज आवंटित किये गये थे। पहले चरण में 3,55,950 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। शेष 1,52,550 पशुओं को 19 से 28 नवंबर तक टीका लगाया जायेगा। यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों में चलाया जायेगा।
खुरपका-मुंहपका रोग से पशुओं को होता है नुकसान
जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ राधेश्याम चौधरी ने बताया कि गाय, भैंस, भेड़ और बकरी में मुख्य रूप से खुरपका-मुंहपका रोग होता है. यह संक्रामक बीमारी है। इससे पशुओं के दूध उत्पादन में भारी गिरावट आती है। पशुओं के मुंह और खुरों में घाव हो जाते हैं। कई बार इस बीमारी से पशुओं की जान भी चली जाती है। एफएमडी का टीका लगाने से इस संक्रामक बीमारी की रोकथाम में मदद मिलती है।
टीकाकरण से पशुओं को मिलेंगे कई फायदे
खुरपका-मुंहपका टीकाकरण से पशुओं को संक्रामक रोग से बचाने, दूध उत्पादन में होने वाली गिरावट रोकने और मुंह व खुरों में घाव होने का खतरा कम करने में मदद मिलती है। इससे पशुओं की अकाल मृत्यु का जोखिम भी कम होता है। बीमारी के प्रसार पर नियंत्रण से पशुपालकों की आजीविका सुरक्षित रखने में भी सहायता मिलती है। जिला पशुपालन विभाग के 197 निजी टीकाकर्मी इस अभियान में भाग लेंगे. टीकाकर्मी घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगे। जिले के प्रत्येक गांव में पहुंचकर योग्य पशुओं को नि:शुल्क टीका लगाया जायेगा।
प्रखंडवार 1,52,550 पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य
प्रखंड वार पशुओं की संख्या:-
नवादा नगर निकाय 10,000
नवादा सदर 7,300
वारिसलीगंज 6,250
मेसकौर 10,650
सिरदला 15,700
रजौली 14,350
नरहट 6,000
कौआकोल 11,600
काशीचक 3,700
रोह 13,550
हिसुआ 14,350
गोविन्दपुर 6,800
पकरीबरावां 11,550
अकबरपुर 20,200
नारदीगंज 11,100
कुल 1,52,550
जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ राधेश्याम चौधरी ने बताया कि एफएमडी संक्रमण से पशुओं को बचाने के लिए टीकाकर्मियों के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। सभी पशुपालक अपने योग्य पशुओं का नि:शुल्क टीकाकरण जरूर करायें। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे इस सरकारी योजना का लाभ उठाकर पशुओं को संक्रमण से सुरक्षित रखें।
भईया जी की रिपोर्ट