नवादा : सोना-चांदी की चमक पर अपराधियों की काली नजर नहीं पड़े, इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। बैंक और ज्वेलरी दुकानों में डकैती एवं लूटपाट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में विशेष सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया। इसके तहत पुलिस अधिकारियों की टीम ने जिले की अधिकांश ज्वेलरी दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 हुलास कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय निशु मल्लिक और नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमाशंकर सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न आभूषण दुकानों में पहुंचकर सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की बारीकी से जांच की। इस दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, निगरानी व्यवस्था, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपायों का जायजा लिया ।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकान संचालकों को स्पष्ट रूप से बताया कि ज्वेलरी दुकानें अपराधियों के निशाने पर रहती हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही भारी पड़ सकती है। दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू और सही स्थिति में रखें, ताकि दुकान के अंदर और बाहर की गतिविधियों पर निगरानी बनी रहे। साथ ही अलार्म सिस्टम को भी नियमित रूप से जांचते रहें, जिससे किसी आपात स्थिति में तत्काल सतर्कता बरती जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने सभी दुकान संचालकों को अपराध नियंत्रण निर्देशिका का अनिवार्य रूप से अनुपालन करने को कहा। उन्हें सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी असामान्य परिस्थिति में तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस का जोर केवल घटना के बाद कार्रवाई करने पर नहीं, बल्कि अपराध की आशंका को पहले ही रोकने और संभावित वारदातों पर अंकुश लगाने पर है।
बैंक और आभूषण दुकानों में लूट एवं डकैती की घटनाएं पुलिस के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रही हैं। इन प्रतिष्ठानों में बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती आभूषण मौजूद रहते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखना बेहद जरूरी है। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाया गया निरीक्षण अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नवादा पुलिस की इस पहल से ज्वेलरी कारोबारियों के बीच सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार सतर्क है। साथ ही कारोबारियों से भी अपील की गयी कि वे अपनी दुकानों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाये रखें।
भईया जी की रिपोर्ट