नवादा : महिला एवं बाल विकास निगम (समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार) द्वारा संचालित मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), नवादा के तत्वावधान में गुरुवार को गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बुधवारा में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, नेहा ग्रामीण महिला विकास समिति के सदस्यों एवं संबंधित पंचायत के मुखिया ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि बाल विवाह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। यह एक गंभीर कानूनी अपराध है तथा इसमें संलिप्त अभिभावकों, आयोजकों एवं विवाह संपन्न कराने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल विवाह की सूचना देने हेतु चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 एवं आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी भी दी गई, ताकि समय रहते प्रशासन को सूचना देकर बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोका जा सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अन्य कर्मियों ने बाल विवाह का विरोध करने तथा समाज से इस कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने की सामूहिक शपथ ली।
भईया जी की रिपोर्ट