बिहार के पटना, गया, वैशाली और मुजफ्फरपुर में आम यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। निजी कैब कंपनियों की मनमानी और भारी कमीशन वसूली पर लगाम लगाने के उद्देश्य से बिहार में सरकार समर्थित सहकारी कैब सेवा ‘भारत टैक्सी’ की शुरुआत होने जा रही है। इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे और इसके लिए उनसे समय मांगा गया है। गृहमंत्री से समय की अनुमति मिलते ही परिवहन विभाग की देखरेख में इसका नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस सहकारी कैब सेवा का नाम ‘भारत टैक्सी’ सेवा होगी।
पंजीकरण शुरू, एप के माध्यम से मिलेगी राइड
जानकारी के अनुसार इस समय पटना समेत इन चारों जिलों में ‘भारत टैक्सी’ सेवा के चालकों के पंजीकरण का काम तेजी से चल रहा है। अब तक सेवा शुरू होने से पहले ही 10 हजार से अधिक ऑटो व कमर्शियल कार मालिक शेयर खरीद कर इससे जुड़ चुके हैं। भारत टैक्सी एक मोबाइल एप आधारित सार्वजनिक परिवहन सेवा है, जो पूरी तरह सहकारी मॉडल पर काम करेगी। इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें चालक केवल ड्राइवर नहीं, बल्कि संस्था के सह-मालिक यानी सारथी के रूप में काम करेंगे। संस्था में हिस्सेदारी पाने के लिए चालकों को 100 रुपये प्रति शेयर की दर से कम से कम एक और अधिकतम पांच शेयर खरीदने होंगे।
गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन, समय मांगा
भारत टैक्सी सेवा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को बेहद सरल रखा गया है। चालक गूगल प्ले स्टोर या एप्पल एप स्टोर से ‘भारत टैक्सी ड्राइवर एप’ डाउनलोड कर अपना मोबाइल नंबर ओटीपी, ईमेल और बैंक खाते का विवरण दर्ज कर सकते हैंं। सदस्यता के लिए चालकों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की कमर्शियल आरसी, वैध बीमा, परमिट और पीयूसी की फोटो अपलोड करनी होगी। इसके पश्चात 500 रुपये के शेयर खरीदने, डिजिलॉकर और पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होते ही ड्राइवर की आईडी सक्रिय हो जाएगी और उन्हें बिना किसी कमीशन के राइड मिलने लगेगी। यात्री और चालक की सुरक्षा के लिए इस एप में खास फीचर भी दिए गए हैं जिसका एसओएस बटन सीधे स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा।