नवादा : अवैध वसूली और सरकारी वाहन के दुरुपयोग के आरोप मामले में उत्पाद विभाग के निलंबित अवर निरीक्षक नीतीश कुमार को बिहार सरकार ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है। अगस्त 2025 को शराब सेवन के आरोप में पकड़े गये एक व्यक्ति ने उत्पाद दारोगा पर जबरन रुपये वसूलने और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया था।
जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त 2025 की रात गोविंदपुर क्षेत्र में शराब सेवन के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा गया था। उसके बाद जेल भेजने की धमकी देकर उससे 14 हजार रुपये जबरन लिये गये। इसके अलावा उसकी सोने की चेन छीनने और फोन-पे के माध्यम से 34 हजार रुपये लेकर छोड़ने का भी आरोप लगाया गया था। विभागीय जांच के दौरान कई अहम साक्ष्य सामने आये। इसमें चालक समिन राज उर्फ सचिन राज के मौसेरे भाई बमबम कुमार के फोन-पे ट्रांजेक्शन को महत्वपूर्ण माना गया।
बाद में थाने पहुंचकर 34 हजार रुपये लौटाने की बात भी जांच में सामने आयी। इसके अलावा भांजे राजाराम और गृह रक्षक राजेंद्र मांझी व मनोज सिंह के बयान को भी जांच में अहम साक्ष्य माना गया। इन तथ्यों के आधार पर अवैध वसूली से जुड़े आरोपों की पुष्टि हुई। उत्पाद दारोगा नीतीश कुमार पर सरकारी वाहन के दुरुपयोग का भी आरोप था। 13 अगस्त 2025 की रात उत्पाद विभाग का बोर्ड लगी एक भाड़े की स्कॉर्पियो में पांच अनधिकृत लोगों को घूमते हुए पुलिस ने पकड़ा था।
जांच में यह भी सामने आया कि तबादला होने के बावजूद सरकारी वाहन निजी लोगों को सौंप दिया गया था। इस संबंध में वरीय अधिकारियों को भी सूचना नहीं दी गयी थी। विभागीय जांच में वाहन के दुरुपयोग से जुड़े आरोप भी प्रमाणित हुए। अवैध वसूली और सरकारी वाहन के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में विभागीय जांच पूरी होने के बाद बिहार सरकार ने निलंबित अवर निरीक्षक नीतीश कुमार को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया। अगस्त 2025 की घटनाओं के बाद शुरू हुई कार्रवाई अब बर्खास्तगी के आदेश के साथ पूरी हुई है।
भईया जी की रिपोर्ट